ग्राहकों के हित में RBI का बड़ा फैसला: फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट पर बैंक करेंगे सतर्क
नई दिल्ली: भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने ऑटोमेटेड टेलर मशीन (ATM) और पॉइंट-ऑफ-सेल (PoS) टर्मिनल के ज़रिए नकद निकासी से जुड़े अपने सभी निर्देशों को एक ही 'मास्टर डायरेक्शन' में मिला दिया है। इसके साथ ही, 2008 से 2022 के बीच जारी किए गए 17 सर्कुलर को रद्द कर दिया गया है।
नए निर्देशों के अनुसार, बैंकों को एक ऐसी व्यवस्था बनानी होगी जिससे ग्राहकों को पता चल सके कि उन्होंने महीने भर में कितने 'मुफ़्त ATM ट्रांज़ैक्शन' (free transactions) कर लिए हैं और आगे की निकासी पर कितना शुल्क लगेगा। बैंकों को यह भी स्पष्ट करना होगा कि ATM मेट्रो लोकेशन पर है या नॉन-मेट्रो लोकेशन पर, ताकि ग्राहक अपनी मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन की सीमा को आसानी से समझ सकें।
बैंकों को ATM पर नकद निकासी की अधिकतम सीमा, मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन और लगने वाले शुल्कों की जानकारी अंग्रेज़ी, हिंदी और स्थानीय भाषा में प्रदर्शित करनी होगी।
यह नया नियम तुरंत लागू हो गया है। यह सभी अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों, अधिकृत पेमेंट सिस्टम प्रोवाइडर्स और सिस्टम में शामिल अन्य संस्थाओं पर लागू होगा।
मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बचत खाता (savings account) रखने वाले ग्राहक अपने बैंक के ATM से महीने में 5 बार मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन (वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों मिलाकर) कर सकते हैं। अन्य बैंकों के ATM से, ग्राहक मेट्रो शहरों में 3 बार और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 बार मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन कर सकते हैं। अगर ग्राहक दोनों तरह के ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो भी कुल मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन की सीमा 5 ही रहेगी।
बैंक चाहें तो अपनी मर्ज़ी से कुछ अतिरिक्त मुफ़्त ट्रांज़ैक्शन की सुविधा दे सकते हैं। तय सीमा से ज़्यादा ट्रांज़ैक्शन करने पर, प्रति ट्रांज़ैक्शन 23 रुपये (प्लस लागू टैक्स) से ज़्यादा का शुल्क नहीं लिया जा सकता। बैंकों के पास ऐसा शुल्क लगाने के लिए बोर्ड से मंज़ूर की गई एक पॉलिसी होनी चाहिए।
RBI ने स्पष्ट किया है कि अगर तकनीकी खराबी (जैसे हार्डवेयर, सॉफ़्टवेयर, कम्युनिकेशन में दिक्कत या कैश की कमी) की वजह से कोई ATM ट्रांज़ैक्शन फ़ेल हो जाता है, तो उसे मान्य ट्रांज़ैक्शन नहीं माना जाएगा और इसके लिए ग्राहक से कोई शुल्क नहीं लिया जा सकता। इसी तरह, अगर बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की किसी गलती (जैसे गलत PIN या वैलिडेशन से जुड़ी समस्या) की वजह से ट्रांज़ैक्शन फ़ेल होता है, तो भी ग्राहक से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इन निर्देशों में डेबिट कार्ड, पूरी तरह से KYC किए गए प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स (PPI) और UPI के ज़रिए PoS टर्मिनल से नकद निकासी की सुविधा भी शामिल है।
PoS टर्मिनल से एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये निकाले जा सकते हैं, और सभी जगहों को मिलाकर महीने भर में कुल निकासी की सीमा 10,000 रुपये तय की गई है। अगर ग्राहकों से कोई शुल्क लिया जाता है, तो वह ट्रांजैक्शन राशि के 1 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता।
इन संयुक्त निर्देशों के तहत, डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स (PPIs) और UPI के जरिए PoS टर्मिनल से नकद निकासी की सुविधा दी गई है।
इस ढांचे में यह स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा मर्चेंट प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध होनी चाहिए, चाहे "कार्ड धारक ने कोई खरीदारी की हो या नहीं"। अगर ग्राहक खरीदारी के साथ नकद निकालते हैं, तो रसीद में "निकाली गई नकद राशि को अलग से दर्शाया जाना चाहिए"।