रिलीज से पहले डिवाइस की फाइलें ले जाने का आरोप, OpenAI ने पूर्व कर्मचारी को घेरा
आरोपों में घिरा Apple में काम कर रहा पूर्व कर्मचारी
दिल्ली: OpenAI ने आरोप लगाया है कि उनका एक पूर्व कर्मचारी, जो अब Apple में काम कर रहा है, उसने एक ऐसे प्रोडक्ट की 100 से ज़्यादा फाइलें अपने पर्सनल अकाउंट पर भेजीं, जो अभी तक लॉन्च नहीं हुआ है। बाद में, उसने Apple के सीनियर अधिकारियों के सामने उस प्रोडक्ट की प्रेजेंटेशन भी दी। Apple ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उनकी अपनी जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जो इन दावों की पुष्टि करे।
OpenAI का क्या आरोप है?
यह आरोप कैलिफोर्निया के सैन होज़े में एक अमेरिकी फेडरल कोर्ट में दायर किए गए दस्तावेजों में सामने आया है। OpenAI का कहना है कि Apple के अधिकारियों के सामने यह प्रेजेंटेशन कई महीने पहले दी गई थी। उनका कहना है कि इस हफ्ते Apple द्वारा 'होमव्यू' (HomeView) प्रोडक्ट लॉन्च करना इस बात का संकेत है कि Apple अब खुद के AI प्रोडक्ट बना रहा है।
रॉयटर्स के अनुसार, OpenAI ने कोर्ट को बताया है कि उन्हें चिंता है कि उनकी गोपनीय और व्यापार से जुड़ी गुप्त जानकारी अब Apple के अंदर मौजूद है। वहां के इंजीनियर इसका इस्तेमाल अपने आने वाले प्रोडक्ट्स को बनाने में कर सकते हैं।
Apple का जवाब
Apple का कहना है कि उनके पास ऐसी नीतियां और प्रक्रियाएं हैं, जो नए कर्मचारियों को उनके पुराने नियोक्ताओं (पूर्व कंपनियों) की गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल करने से रोकती हैं। कंपनी ने कहा कि उनकी जांच में OpenAI के दावों का समर्थन करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है।
एक अलग फाइलिंग में, Apple के वकीलों द्वारा 12 अक्टूबर को OpenAI को लिखा गया एक पत्र सार्वजनिक किया गया। इस पत्र में कहा गया है कि जिन दो पर्सनल फोन नंबरों पर फाइलें भेजे जाने का आरोप OpenAI ने लगाया है, वे उस नंबर से मेल नहीं खाते जिनका इस्तेमाल कर्मचारी Apple के काम के लिए करता है। Apple का तर्क है कि इस आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि उन नंबरों पर भेजे गए डेटा का Apple के पास कोई कब्ज़ा या नियंत्रण है।
वकीलों ने यह भी लिखा कि कर्मचारी के काम से जुड़े सर्वर और डेटा स्टोर की जांच करने पर, वहां OpenAI की कोई भी फाइल नहीं मिली। Apple ने कहा कि उन्हें उस कर्मचारी द्वारा OpenAI के किसी ऐसे प्रोडक्ट के बारे में कोई प्रेजेंटेशन दिए जाने की जानकारी नहीं है, जो अभी तक लॉन्च नहीं हुआ है। साथ ही, उन्होंने OpenAI से इस बारे में और जानकारी मांगी है।
Apple ने अपनी फाइलिंग में कहा है कि OpenAI ने उनके पत्र का कोई जवाब नहीं दिया और सीधे कोर्ट चले गए। कंपनी ने कहा कि वे इन आरोपों की जांच के लिए OpenAI के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।