माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में बड़ी रुकावट, कंपनी ने घोषित किया 'कोड रेड'
माइक्रोसॉफ्ट का तकनीकी संकट
वाशिंगटन: दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने इस महीने करीब 24 घंटे तक चली वैश्विक तकनीकी रुकावट के बाद आंतरिक स्तर पर 'कोड रेड' घोषित किया है। कंपनी ने अपने इंजीनियरिंग सिस्टम, सॉफ्टवेयर सुरक्षा और तकनीकी संकट से निपटने की व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने का फैसला किया है। इसके साथ ही कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले महीनों में दुनिया को और भी तकनीकी रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट के आंतरिक दस्तावेजों में कंपनी की तकनीकी व्यवस्था से जुड़ी कई कमियां सामने आई हैं। 12 और 13 नवंबर 2026 को हुई वैश्विक आउटेज के कारण सरकारी संस्थानों, वित्तीय कंपनियों और विमानन क्षेत्र की संचार सेवाओं पर असर पड़ा था। अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में यूजर्स को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस तकनीकी संकट के दौरान माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक, एक्सचेंज ऑनलाइन, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स, कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट 365 की अन्य सेवाएं प्रभावित हुई थीं। ईमेल भेजने, ऑनलाइन बैठकों में शामिल होने और कार्यालय संबंधी डिजिटल कार्यों को पूरा करने में यूजर्स को कठिनाइयां आईं। कारोबारी संस्थानों की दैनिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा।
इस घटना के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। 'कोड रेड' के तहत कंपनी का उद्देश्य तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान करना, उन्हें दूर करना और बाधित सेवाओं को जल्द बहाल करना है। भविष्य में वैश्विक आउटेज की स्थिति में एक घंटे के भीतर सेवाओं को बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला ने इस तकनीकी संकट को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उनके मुताबिक, जुलाई में विंडोज सिस्टम में आई एक तकनीकी खामी का समय रहते पता नहीं चल पाया था। बाद में इसी समस्या के कारण बड़े स्तर पर सेवाएं प्रभावित हुईं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि नवंबर में हुई आउटेज किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट की गतिविधि का परिणाम नहीं थी। माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने भविष्य में तकनीकी रुकावटों की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के कारण सॉफ्टवेयर में मौजूद सुरक्षा संबंधी कमजोरियों की पहचान करना पहले की तुलना में आसान हो गया है। ऐसे में टेक्नोलॉजी कंपनियों पर इन खामियों को जल्द से जल्द दूर करने का दबाव बढ़ रहा है। तकनीकी प्रणालियों को अधिक सुरक्षित बनाने का काम कुछ सप्ताह में पूरा नहीं किया जा सकता। इसके लिए कंपनियों को आने वाले महीनों में लगातार प्रयास करने होंगे। इस दौरान संभावित तकनीकी व्यवधानों से निपटने के लिए तैयार रहना जरूरी है।
माइक्रोसॉफ्ट की इस घटना ने क्लाउड कंप्यूटिंग पर बढ़ती निर्भरता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। वर्तमान समय में बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सरकारी कार्यालय और निजी कंपनियां डिजिटल सेवाओं पर काफी हद तक निर्भर हैं। ऐसे में किसी प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनी की सेवाओं में व्यापक रुकावट आने से अलग-अलग क्षेत्रों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। क्लाउड आधारित सेवाओं की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनके माध्यम से दुनिया के किसी भी हिस्से से डेटा और डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, केंद्रीय तकनीकी व्यवस्था में खराबी आने पर बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता एक साथ प्रभावित हो सकते हैं। नवंबर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई रुकावट ने इसी चुनौती को उजागर किया है।
कंपनी के आंतरिक दस्तावेजों के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट 365 की प्रमुख सेवाओं के लिए जरूरी सॉफ्टवेयर सुधारों को दुनियाभर में लागू करने में अधिक समय लग रहा था। अब कंपनी इस प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। तकनीकी समस्याओं की तेजी से पहचान करने में इंजीनियरों की मदद के लिए एआई एजेंटों के इस्तेमाल की भी योजना है।
तकनीकी रुकावटों की आशंका के बीच कारोबारी संस्थानों के लिए वैकल्पिक संचार व्यवस्था तैयार रखना महत्वपूर्ण हो गया है। जरूरी दस्तावेजों का सुरक्षित बैकअप, सॉफ्टवेयर को समय पर अपडेट करना और आपातकालीन कार्ययोजना तैयार रखना ऐसी परिस्थितियों में नुकसान कम करने में मददगार हो सकता है। सामान्य यूजर्स को भी अपने महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बैकअप रखना चाहिए। यदि किसी ऑनलाइन सेवा में तकनीकी समस्या आती है, तो संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। आउटेज के दौरान फर्जी तकनीकी सहायता संदेशों और संदिग्ध लिंक से भी सावधान रहना जरूरी है।
माइक्रोसॉफ्ट का 'कोड रेड' अभियान ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। इस बदलाव के बीच तकनीकी सुरक्षा और सेवाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना कंपनियों के लिए बड़ी प्राथमिकता बन गई है। अब देखना होगा कि माइक्रोसॉफ्ट अपने नए अभियान के माध्यम से तकनीकी खामियों को कितनी प्रभावी तरीके से दूर कर पाती है। कंपनी का एक घंटे के भीतर सेवाएं बहाल करने का लक्ष्य भविष्य में डिजिटल संकट से निपटने की उसकी क्षमता की महत्वपूर्ण परीक्षा होगा।