Credit कार्ड यूजर्स के लिए जरूरी खबर, LIC ने ऑनलाइन प्रीमियम पेमेंट सुविधा बदली

Update: 2026-07-13 15:01 GMT

New Delhi नई दिल्ली :  देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपने ग्राहकों के लिए ऑनलाइन प्रीमियम भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। एलआईसी ने अब अपनी वेबसाइट के कस्टमर पोर्टल से क्रेडिट कार्ड के जरिए बीमा प्रीमियम जमा करने का विकल्प हटा दिया है। इस फैसले के बाद वे ग्राहक प्रभावित हुए हैं, जो अब तक अपनी पॉलिसी की किस्तों का भुगतान क्रेडिट कार्ड से करते थे।

एलआईसी के ग्राहक पोर्टल पर अब ऑनलाइन भुगतान के लिए केवल नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और यूपीआई जैसे विकल्प उपलब्ध हैं। इससे पहले ग्राहक इन तीन तरीकों के अलावा क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी आसानी से प्रीमियम का भुगतान कर सकते थे। हालांकि, ऑफलाइन माध्यम से ग्राहक अभी भी एलआईसी एजेंट या नजदीकी शाखा में जाकर अपनी किस्त जमा कर सकते हैं।

देश में बड़ी संख्या में लोग डिजिटल भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में एलआईसी की ओर से यह सुविधा बंद किए जाने से कई पॉलिसीधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर वे ग्राहक जो क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान कर रिवार्ड प्वाइंट, कैशबैक या क्रेडिट सुविधा का लाभ लेते थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रेडिट कार्ड भुगतान विकल्प हटाने के पीछे पेमेंट गेटवे शुल्क को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। एलआईसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन भुगतान के लिए पेमेंट गेटवे कंपनी बिलडेस्क की सेवाएं उपलब्ध थीं। बताया जा रहा है कि क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर पेमेंट गेटवे कंपनी द्वारा कुछ शुल्क लिया जाता था।

एलआईसी की ओर से पहले ही स्पष्ट किया गया था कि क्रेडिट कार्ड से प्रीमियम भुगतान पर लगने वाले सुविधा शुल्क का वहन कंपनी खुद करती है। वहीं, डेबिट कार्ड, यूपीआई और नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान करने पर किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता है।

एलआईसी के एक एजेंट ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पेमेंट गेटवे कंपनी और एलआईसी के बीच सुविधा शुल्क को लेकर मतभेद सामने आए हैं। इसी वजह से फिलहाल ऑनलाइन भुगतान विकल्पों की सूची से क्रेडिट कार्ड को हटा दिया गया है।

हालांकि, एलआईसी की ओर से इस बदलाव को लेकर अभी कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कंपनी की वेबसाइट पर भुगतान के उपलब्ध विकल्पों में बदलाव जरूर दिखाई दे रहा है।

बीमा विशेषज्ञों के अनुसार, डिजिटल भुगतान की बढ़ती लोकप्रियता के बीच ग्राहकों को कई विकल्प उपलब्ध होना सुविधाजनक रहता है। ऐसे में आने वाले समय में एलआईसी दोबारा क्रेडिट कार्ड भुगतान सुविधा शुरू करती है या नहीं, इस पर ग्राहकों की नजर बनी हुई है।

फिलहाल एलआईसी पॉलिसीधारक अपनी किस्तों का भुगतान यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, एजेंट या एलआईसी शाखा के माध्यम से कर सकते हैं। कंपनी की ओर से ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे समय पर अपनी प्रीमियम राशि जमा करें, ताकि पॉलिसी से जुड़े लाभों में किसी तरह की परेशानी न आए।

Tags:    

Similar News