जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अगर इस हफ्ते आपको बैंक से जुड़े काम हैं तो उसे फटाफट निपटा लें. क्योंकि इस हफ्ते दो दिन बैंक कर्मियों की हड़ताल है. बैंक हड़ताल के कारण बैंकों में कामकाज नहीं हो पाएंगे. 2 दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल के कारण 16 और 17 दिसंबर को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का कामकाज प्रभावित होने की संभावना है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण के सरकार के कदम के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया है.

10 दिसंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में एसबीआई ने कहा, हमें भारतीय बैंक संघ (lBA) द्वारा सूचित किया गया है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हड़ताल का नोटिस दिया है. यह सूचित करते हुए कि यूएफबीयू के संघटक संघों के सदस्य जैसे एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, BEFI, INBEF और INBOC ने अपनी मांगों के समर्थन में 16 और 17 दिसंबर, 2021 को देशव्यापी बैंक हड़ताल पर जाने का प्रस्ताव रखा है.
हम सूचित करते हैं कि जहां बैंक ने हड़ताल के दिनों में अपनी शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य कामकाज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की है, संभावना है कि हड़ताल से हमारे बैंक में काम प्रभावित हो सकता है.
दो सरकारी बैंकों का किया जाएगा निजीकरण
2021 के बजट भाषण में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Union Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने कहा था कि चालू वित्त वर्ष के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के दो बैंकों का निजीकरण किया जाएगा.
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण की केंद्र की योजना के विरोध में 16 दिसंबर से दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है. UFBU के तहत बैंकों की 9 यूनियन आती हैं.
उनके मुताबिक, देश की कुल जमा राशि का 70 फीसदी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पास है और उन्हें प्राइवेट कैपिटल को सौंपने से इन बैंकों में जमा आम आदमी का पैसा संकट में पड़ जाएगा.
कब-कब बैंक रहेंगे बंद
16 दिसंबर – बैंक हड़ताल
17 दिसंबर – बैंक हड़ताल
18 दिसंबर – यू सो सो थाम की डेथ एनिवर्सरी (शिलॉन्ग में बैंक बंद)
19 दिसंबर – रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
इस हफ्ते, सोमवार, मंगलवार और बुधवार को बैंक में सामान्य कामकाज होंगे. ऐसे में बैंक से जुड़े सारे जरूरी काम को निपटाने का काम आज से ही शुरू कर दें.
इन सर्विसेज पर नहीं होगा कोई असर
बैंक हड़ताल का असर ऑनलाइन बैंकिंग पर नहीं पड़ेगा. सभी बैंकों की डिजिटल बैंकिंग सेवा, इंटरनेट बैंकिंग , यूपीआई बेस्ड सर्विसेज, मोबाइल बैंकिंग आदि सामान्य तरीके से काम करते रहेंगे.
यहां चेक कर सकते हैं छुट्टियों की लिस्ट
बैंकों की छुट्टियों के बारे में अधिक जानकारी के लिए आप भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आधिकारिक वेबसाइट पर भी विजिट कर सकते हैं. यहां आपको हर महीने हर राज्य के बैंक की छुट्टियों के बारे में जानकारी मिल जाएगी.


Tags: