Gold -silver ने लगाया अचानक बड़ा उछाल

Update: 2026-07-01 14:17 GMT
Business | व्यापार : अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श की पहली महत्वपूर्ण स्पीच से पहले बुधवार शाम सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। वैश्विक और घरेलू दोनों बाजारों में अचानक आई इस तेजी ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 2600 रुपये से अधिक की बढ़त के साथ दिन के उच्च स्तर 1,45,498 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं सितंबर डिलीवरी वाली चांदी में भी तेज उछाल देखने को मिला और यह 3500 रुपये से ज्यादा महंगी होकर 2,32,800 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में भी सोने की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई। सोना करीब 64 डॉलर की बढ़त के साथ 4100 डॉलर प्रति औंस के पार कारोबार करता नजर आया। हालांकि चांदी के अंतरराष्ट्रीय भाव में हल्की गिरावट देखने को मिली, जिससे बाजार में अस्थिरता का माहौल बना रहा।
कमोडिटी एक्सपर्ट सुगंधा सचदेवा के अनुसार, केविन वॉर्श की आगामी स्पीच बाजार की दिशा तय कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पहली टिप्पणी डोविश (नरम रुख) रहती है, तो सोना-चांदी में और तेज उछाल देखने को मिल सकता है। वहीं अगर उनका रुख हॉकिश (कड़ा) होता है, तो कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट आने की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति से जुड़े संकेत वैश्विक निवेश धारणा को प्रभावित करते हैं। इसी वजह से वॉर्श की स्पीच से पहले ही बाजार में अस्थिरता और तेजी दोनों देखने को मिल रही है।
Tags:    

Similar News