Auto News: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में हैचबैक कारों की लोकप्रियता लंबे समय से बनी हुई है। किफायती कीमत, बेहतर माइलेज, कम रखरखाव खर्च और शहरों में आसानी से ड्राइविंग करने की सुविधा के कारण बड़ी संख्या में ग्राहक हैचबैक कारों को पसंद करते हैं। आने वाले समय में भारतीय बाजार में कई लोकप्रिय हैचबैक कारों के नए और अपडेटेड मॉडल देखने को मिल सकते हैं। इनमें मारुति सुजुकी वैगनआर फेसलिफ्ट और नई हुंडई i10 जैसे मॉडल शामिल हैं।
ऑटोमोबाइल कंपनियां बदलती ग्राहक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपनी छोटी कारों को आधुनिक डिजाइन, बेहतर सुरक्षा सुविधाओं और नई तकनीक के साथ अपडेट करने की दिशा में काम कर रही हैं। ऐसे में नई हैचबैक खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए आने वाला समय महत्वपूर्ण हो सकता है।
1. Maruti Suzuki WagonR Facelift
मारुति सुजुकी की लोकप्रिय हैचबैक वैगनआर का फेसलिफ्ट मॉडल दिसंबर 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद है। कंपनी अपडेटेड मॉडल की टेस्टिंग कर रही है। हाल ही में इसके टेस्ट मॉडल भी भारतीय सड़कों पर देखे गए हैं। नई वैगनआर में इसके लोकप्रिय टॉल-बॉय डिजाइन को बरकरार रखा जा सकता है। हालांकि, कार के अगले और पिछले हिस्से में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें नई ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप, नए बंपर और टेललाइट्स में बदलाव मिलने की संभावना है। कार के इंटीरियर को भी पहले से ज्यादा आकर्षक बनाया जा सकता है। इसमें नया डैशबोर्ड, बेहतर सीट अपहोल्स्ट्री और आधुनिक इंटीरियर मटेरियल मिलने की उम्मीद है। मौजूदा मॉडल में उपलब्ध सात इंच की टचस्क्रीन के मुकाबले नई कार में बड़ी स्क्रीन दी जा सकती है।
इंजन और सीएनजी तकनीक में बदलाव
नई वैगनआर में 1.2 लीटर का तीन सिलेंडर वाला Z12E पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। इसके अलावा मौजूदा 1.0 लीटर पेट्रोल इंजन का विकल्प भी जारी रह सकता है। ग्राहकों को मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प मिल सकता है। मारुति सुजुकी अंडरबॉडी सीएनजी टैंक की तकनीक की भी टेस्टिंग कर रही है। यदि नई वैगनआर में यह सुविधा मिलती है तो सीएनजी मॉडल में सामान रखने के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
2. नई जनरेशन Hyundai i20
हुंडई की प्रीमियम हैचबैक i20 का चौथी जनरेशन वाला मॉडल भी भारतीय बाजार में दस्तक दे सकता है। इसके वर्ष 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है। कंपनी इस नए मॉडल को ब्राजील में पेश कर चुकी है। नई हुंडई i20 को पहले से ज्यादा स्पोर्टी और आधुनिक डिजाइन दिया गया है। इसमें आकर्षक एलईडी हेडलैंप, नई एलईडी डीआरएल, कनेक्टेड लाइट बार और अपडेटेड ग्रिल देखने को मिलती है ब्राजील में पेश किए गए मॉडल में 17 इंच तक के अलॉय व्हील और पीछे की तरफ कनेक्टेड एलईडी टेललैंप दिए गए हैं। इसके अलावा कार का आकार भी पहले से बड़ा है।
मिल सकते हैं शानदार प्रीमियम फीचर्स
नई जनरेशन हुंडई i20 के विदेशी मॉडल में 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इतनी ही बड़ी टचस्क्रीन वाला पैनोरमिक डिस्प्ले दिया गया है। इसके अलावा वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग, कनेक्टेड कार तकनीक और ओवर-द-एयर अपडेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सुरक्षा के लिहाज से विदेशी मॉडल में हुंडई स्मार्टसेंस ADAS तकनीक दी गई है। इसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीपिंग असिस्ट और ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं। भारतीय मॉडल में मौजूदा 1.2 लीटर पेट्रोल और 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि, भारत में इसके फीचर्स और लॉन्च को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
3. नई जनरेशन Hyundai Grand i10 Nios
हुंडई अपनी लोकप्रिय फैमिली हैचबैक ग्रैंड i10 निओस को भी नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। मौजूदा जनरेशन को वर्ष 2019 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था। इसके बाद वर्ष 2023 में इसे फेसलिफ्ट अपडेट दिया गया था। अब कंपनी ने नई जनरेशन की i10 लाने की पुष्टि की है। इसे वर्ष 2027 के आखिर तक भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने की संभावना है। नई कार में एक्सटीरियर और इंटीरियर दोनों स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
पहले से बड़ा और आरामदायक हो सकता है केबिन
नई ग्रैंड i10 निओस में आधुनिक हेडलैंप, नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर और नए डिजाइन के अलॉय व्हील मिलने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इसकी लंबाई बढ़ाकर करीब 3.95 मीटर की जा सकती है। इससे यात्रियों को केबिन में अधिक जगह और सामान रखने के लिए बड़ा बूट स्पेस मिलने की संभावना है। कार के अंदर नया डैशबोर्ड, बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन और बेहतर इंटीरियर मटेरियल दिया जा सकता है। इसके अलावा कनेक्टेड कार तकनीक को भी अपडेट किए जाने की उम्मीद है।
सीएनजी के साथ मिल सकता है ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
नई हुंडई ग्रैंड i10 निओस में मौजूदा 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है। यह इंजन वर्तमान मॉडल में करीब 83 बीएचपी की पावर उत्पन्न करता है। इसके साथ सीएनजी वेरिएंट का विकल्प भी उपलब्ध रहने की उम्मीद है। खास बात यह है कि कंपनी सीएनजी मॉडल के साथ एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प भी पेश कर सकती है। इससे ग्राहकों को किफायती ईंधन के साथ ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा मिल सकती है।
कब लॉन्च होंगी ये तीनों हैचबैक?
कार का नाम संभावित लॉन्च
Maruti WagonR Facelift दिसंबर 2026
नई Grand i10 Nios वर्ष 2027 के आखिर तक
इन तीनों कारों के आने से भारतीय हैचबैक सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है। वैगनआर फेसलिफ्ट किफायती फैमिली कार खरीदने वालों को आकर्षित कर सकती है, जबकि नई i20 प्रीमियम फीचर्स पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प बन सकती है। वहीं नई ग्रैंड i10 निओस आधुनिक सुविधाओं और आरामदायक केबिन के साथ छोटी फैमिली कार के सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत कर सकती है।
Tags: