टेक डेस्क: माइक्रोसॉफ्ट ने अपने Xbox गेमिंग बिजनेस में बड़े पुनर्गठन के तहत 268 और पद खत्म करने की घोषणा की है। इन नौकरियों में कटौती का असर Halo Studios, अन्य फर्स्ट-पार्टी गेम स्टूडियो और Xbox Game Studios की मैनेजमेंट व सेंट्रल टीमों पर पड़ेगा। इसी के साथ कंपनी ने अपने सबसे चर्चित गेम फ्रेंचाइजी में से एक ‘Halo’ के अगले प्रमुख गेम के विकास की जिम्मेदारी Activision को सौंप दी है।

Xbox के चीफ कंटेंट ऑफिसर मैट बूटी ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि जुलाई से अब तक की गई कार्रवाई और स्टूडियो के विनिवेश को मिलाकर कंपनी पहले घोषित पुनर्गठन प्रक्रिया का करीब तीन-चौथाई हिस्सा पूरा कर चुकी है। माइक्रोसॉफ्ट ने जुलाई में Xbox के व्यापक पुनर्गठन के तहत हजारों नौकरियों में कटौती की योजना की जानकारी दी थी।
सबसे बड़ा बदलाव Halo फ्रेंचाइजी में देखने को मिलेगा। अब अगला प्रमुख Halo गेम Activision की नई और विशेष रूप से बनाई जाने वाली टीम विकसित करेगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह टीम Call of Duty पर काम करने वाली मौजूदा टीमों से अलग होगी। वहीं Halo Studios की एक छोटी टीम मौजूदा Halo गेम्स और गेमिंग कम्युनिटी को सपोर्ट करती रहेगी।
सिर्फ Halo ही नहीं, Xbox के कई दूसरे बड़े स्टूडियो की व्यवस्था भी बदली जा रही है। ‘Sea of Thieves’ के लिए मशहूर Rare और ‘Age of Empires’ से जुड़ा World’s Edge अब Activision के दायरे में आएंगे। दूसरी ओर Obsidian को Bethesda के अंतर्गत लाया जा रहा है। Obsidian अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स के साथ Bethesda Game Studios के सहयोग से नए Fallout प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहा है।
इसके अलावा Forza और Fable फ्रेंचाइजी से जुड़े Playground Games और Turn 10 को एक स्टूडियो के रूप में साथ लाया जाएगा। Microsoft Casual Games को King के तहत रखा जाएगा। कंपनी का कहना है कि इस पुनर्गठन का उद्देश्य कम बिजनेस यूनिट्स के जरिए काम करना और पहले से साथ काम कर रही टीमों को ज्यादा करीब लाना है।
पुनर्गठन का असर Ninja Theory पर भी पड़ सकता है। Xbox के मुताबिक स्टूडियो को बेचने के दो समझौते सफल नहीं हो पाए, जिसके बाद इसके संभावित बंद होने को लेकर कर्मचारियों के साथ परामर्श प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कंपनी ने कहा है कि वह अन्य विकल्पों की तलाश भी जारी रखेगी।
Halo का Activision के पास जाना Xbox की गेमिंग रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव है। Activision के अध्यक्ष रॉब कोस्टिच ने कहा कि कंपनी ने अगले Halo के लिए एक खास टीम तैयार करना शुरू कर दिया है। अब गेमिंग जगत की नजर इस बात पर होगी कि Call of Duty जैसे बड़े ब्रांड को संभालने वाला Activision Halo के अगले अध्याय को किस दिशा में लेकर जाता है।
Tags: