जनता से रिश्ता वेबडेस्क।  राष्ट्रीय विमानन कंपनी Air India के 56 कर्मचारियों को 14 जुलाई तक कोविड महामारी के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को संसद को यह जानकारी दी। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक लिखित जवाब में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल (आरईटीडी) वी.के. सिंह ने कहा कि एयरलाइन के कुल 3,523 कर्मचारी कोविड -19 से प्रभावित हुए हैं। इसमें से 56 कर्मचारियों ने 14 जुलाई, 2021 तक महामारी के कारण अपनी जान गंवा दी।

वी.के. सिंह ने सदन को बताया कि एअर इंडिया ने कोविड-19 से प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए कई उपाय किए हैं, जिसमें कोविड-19 से प्रभावित कर्मचारियों को 17 दिनों का क्वारंटाइन अवकाश (पेड लीव) शामिल है।
उन्होंने बताया कि एअर इंडिया को कर्मचारी संघों से कोविड-19 प्रभावित कर्मचारियों को उचित मुआवजा और अन्य फायदा देने के लिए कई रीप्रेजेंटेशन प्राप्त हुए हैं। कंपनी की ओर से कोविड-19 प्रभावित कर्मचारियों या परिवारों की देखभाल के लिए विभिन्न स्थानों पर कोविड केंद्र खोले गए हैं।
कोविड -19 के कारण एक स्थायी या निश्चित अवधि के संविदा कर्मचारी की मृत्यु पर उनके परिवारों को क्रमश: 10,00,000 रुपये और 5,00,000 रुपये का मुआवजा मिलता है।
आकस्मिक या कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों के परिवारों को 90,000 रुपये या 2 महीने के वेतन का मुआवजा दिया जाता है। कर्मचारियों और उनके परिवारों की ओर से भुगतान किए जाने पर टीकाकरण शुल्क की प्रतिपूर्ति दी जा रही है।


Tags: