करंट की चपेट में आने से एक की मौत
देवरिया: विद्युत विभाग की एक बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। बिजली का जर्जर तार गिरने और उसके करंट की चपेट में आने में एक परिवार के मुखिया की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पीड़ित पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र के बतरौली गांव में दरवाजे पर लगे विद्युत तार के गिरने और उसकी चपेट में आने से बब्बन प्रसाद (45) पुत्र नथुनी प्रसाद की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक मृतक दरवाजे पर भैंस बांधने गया था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार गिर गया और बब्बन उसकी चपेट में आ गया। बताया जाता है कि यह तार काफी समय से जर्जर था।
बब्बन की मौत की खबर से उसके घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी बीतन देवी, पुत्र शिवकुमार, शिवाजी और पुत्रियों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार के मुखिया की असमय मौत सेलोगों की आंखे भी डबडबा गईं हैं।