खेल

रानी रामपाल को दोहरा झटका, वर्ल्ड कप के बाद राष्ट्रमंडल खेलों की टीम से भी बाहर, सविता कप्तान

Kajal Dubey
23 Jun 2022 6:42 PM GMT
रानी रामपाल को दोहरा झटका, वर्ल्ड कप के बाद राष्ट्रमंडल खेलों की टीम से भी बाहर, सविता कप्तान
x
खेल
हॉकी इंडिया ने गुरुवार (23 जून) को आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 18 सदस्यीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की। स्टार स्ट्राइकर और पूर्व कप्तान रानी रामपाल को चोट के बाद पूरी तरह से फिट नहीं होने के कारण नहीं चुना गया। रानी को वर्ल्ड कप के लिए भी नहीं चुना गया था। वर्ल्ड कप के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुनी गई टीम की भी कमान गोलकीपर सविता पूनिया को सौंपी गई है।
राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक इंग्लैंड के बर्मिंघम में होगा। वर्ल्ड कप के बाद इस टूर्नामेंट में भी दीप ग्रेस एक्का ही उपकप्तान होंगी। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले नीदरलैंड और स्पेन की संयुक्त मेजबानी में एक जुलाई से 17 जुलाई तक महिला हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन होगा।
वर्ल्ड कप टीम से राष्ट्रमंडल खेलों की टीम में सिर्फ तीन बदलाव हुए हैं। बिचू देवी खरीबाम के स्थान पर रजनी एतिमारपू को नंबर दो गोलकीपर के रूप में चुना गया है। वहीं, वर्ल्ड कप टीम की सदस्य सोनिका (मिडफील्डर) को राष्ट्रमंडल खेलों की टीम से बाहर रखा गया था। फॉरवर्ड संगीता कुमारी को राष्ट्रमंडल खेलों टीम में पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। उन्हें वर्ल्ड कप टीम में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की सूची में रखा गया है।
भारत को पूल ए में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ रखा गया है। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगी। रानी रामपाल की कप्तानी में भारतीय महिला टीम टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंची थी। वहां उसे इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। रानी को बेल्जियम और नीदरलैंड में एफआईएच प्रो लीग के लिए चुना गया था, लेकिन हैमस्ट्रिंग इंटरी के कारण नहीं खेल पाई थीं। शुरुआती चार मैचों में नहीं खेलने के कारण उन्हें वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुना गया।
गोल्ड कोस्ट में 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भारत कांस्य पदक मैच में इंग्लैंड से हारकर चौथे स्थान पर रहा था। टीम चयन के बारे में बोलते हुए मुख्य कोच जेनेके शोपमैन ने कहा, "हमने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एक अनुभवी टीम को चुना है और खिलाड़ियों की नजर इस बार पदक पर है। एफआईएच प्रो लीग में अच्छे प्रदर्शन के बाद टीम उत्साहित है। उन्हें पता है कि उनसे काफी उम्मीदें हैं।''
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम:
गोलकीपर: सविता पूनिया (कप्तान), रजनी एतिमारपु।
डिफेंडर्स: दीप ग्रेस एक्का (उपकप्तान), गुरजीत कौर, निक्की प्रधान, उदिता।
मिडफील्डर: निशा, सुशीला चानू पुखरामबम, मोनिका, नेहा, ज्योति, नवजोत कौर, सलीमा टेटे।
फॉरवर्ड: वंदना कटारिया, लालरेम्सियामी, नवनीत कौर, शर्मिला देवी, संगीता कुमारी।
Next Story