खेल

राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य सेन का सुनहरा सफर जारी, बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में जीते

Ritisha Jaiswal
22 Aug 2022 12:45 PM GMT
राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य सेन का सुनहरा सफर जारी,  बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में जीते
x
राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य सेन का सुनहरा सफर जारी है। उन्होंने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में आसान जीत हासिल की।

राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य सेन का सुनहरा सफर जारी है। उन्होंने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में आसान जीत हासिल की। वहीं, उनके साथी बी साई प्रणीत को हार का सामना करना पड़ा। लक्ष्य ने पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश पाने के लिए डेनमार्क के हैंस-क्रिस्टियन सोलबर्ग विटिंगस को सीधे गेम में हरा दिया। लक्ष्य ने विटिंगस पर 21-12, 21-11 से जीत हासिल की। लक्ष्य पिछले साल इस टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे थे।

बी साई प्रणीत की बात करें तो तीन गेम तक चले मुकाबले में उन्हें दुनिया के चौथे नंबर के खिलाफ चीनी ताइपे के चाउ तिएन चेन ने हरा दिया। प्रणीत ने 2019 में कांस्य पदक अपने नाम किया था। उन्होंने पहले गेम में 15-21 से हारने के बाद दूसरे गेम में शानदार वापसी की और उसे 21-15 से अपने नाम कर लिया। तीसरे गेम में प्रणीत ने शुरुआत तो बेहतरीन तरीके से की, लेकिन वह उसे जीत नहीं पाए। चाउ तिएन चेन ने तीसरे गेम में 21-15 से अपने नाम कर लिया। इस तरह प्रणीत 15-21 21-15 15-21 से मैच हार गए।
अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी ने की शानदार शुरुआत
महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने मालदीव की अमीनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक और फातिमथ नबाहा अब्दुल रज्जाक की जोड़ी को 21-7, 21-9 से हरा दिया। दोनों ने महिला युगल के दूसरे दौर में अपना स्थान पक्का किया। अश्विनी और सिक्की का दूसरे दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की चेन किंग चेन और जिया यी फान की जोड़ी से मुकाबला होगा।
तनीषा क्रास्टो और ईशान भटनागर की जोड़ी जीती
मिश्रित युगल में तनीषा क्रास्टो और ईशान भटनागर ने जर्मन जोड़ी पैट्रिक स्कील और फ्रांजिस्का वोल्कमैन को 29 मिनट में 21-13, 21-13 से हराकर अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। भारतीय जोड़ी अगले दौर में थाईलैंड की 14वीं वरीयता प्राप्त सुपक जोमकोह और सुपिसारा पावसमप्रान की जोड़ी से भिड़ेगी।
मालविका बंसोड़ पहले दौर में बाहर
दूसरी ओर, बी सुमीत रेड्डी और मनु अत्री की जोड़ी पुरुष युगल में मासायुकी ओनोडेरा और हिरोकी ओकामुरा से 11-21 21-19 15-21 से हार गई। महिला एकल में मालविका बंसोड़ भी डेनमार्क की लाइन क्रिस्टोफरसन से 14-21, 12-21 से हारकर पहले दौर में बाहर हो गईं।


Next Story