मनोरंजन

दिलीप कुमार के दोनों छोटे भाइयों को हुआ कोरोना, अचानक सांस लेने में दिक्कत के चलते लीलावती अस्पताल में भर्ती

Janta se Rishta
16 Aug 2020 12:43 PM GMT
दिलीप कुमार के दोनों छोटे भाइयों को हुआ कोरोना, अचानक सांस लेने में दिक्कत के चलते लीलावती अस्पताल में भर्ती
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। वरिष्ठ अभिनेता दिलीप कुमार के दो छोटे भाइयों एहसान खान और असलम खान का कोरोना परीक्षण सकारात्मक पाया गया है। मौके की नजाकत को समझते हुए दोनों भाइयों को फौरन मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्र बताते हैं कि एहसान और असलम दोनों को अचानक से सांस लेने में दिक्कत की समस्या आने लगी थी। उन्हें डॉक्टर ने तुरंत अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।

जब इनकी जांच की गई तो उन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया। दिलीप कुमार के दोनों भाइयों की उम्र 90 साल के आसपास है। बीते शनिवार को जब इन दोनों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो इन्होंने एक जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ नितिन गोखले से संपर्क किया।

डॉक्टर ने इन दोनों की जांच की और शरीर में ऑक्सीजन का स्तर गिरता हुआ पाया। तो, उन्होंने इन दोनों को फौरन अस्पताल में भर्ती हो जाने की सलाह दी। इन दोनों को पहले से ही ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधित रोगों की समस्याएं हैं। अस्पताल में इन दोनों का इलाज डॉक्टर जलील पारकर कर रहे हैं। यह वही डॉक्टर हैं जिनके अंतर्गत पिछले हफ्ते अभिनेता संजय दत्त को भी भर्ती किया गया था।

डॉक्टर जलील के अनुसार असलम खान और एहसान खान की हालत ज्यादा अच्छी नहीं है और वह ज्यादा हरकत भी नहीं कर रहे हैं। उनके शरीर में पहले से ही ऑक्सीजन की भारी कमी है। इसलिए, कोरोना हो जाने के बाद उन्हें सांस लेने में और भी ज्यादा दिक्कत हो रही है। दोनों को ही तेज खांसी और बुखार भी है।

इस बारे में दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने कहा है कि चिंता करने की कोई बात नहीं है। एहसान और असलम दोनों ही जल्द ठीक हो कर घर वापस आएंगे। उनका इलाज डॉक्टर जलील पारकर और डॉक्टर निखिल गोखले की देखरेख में चल रहा है। दोनों ही बहुत काबिल डॉक्टर हैं। दिलीप कुमार के बारे में उन्होंने कहा कि सभी की दुआओं के चलते वह बिल्कुल ठीक हैं और आराम कर रहे हैं।

https://jantaserishta.com/news/saath-nibhana-saathiya-actresss-father-dies-rucha-shares-an-emotional-post-on-social-media/

Next Story