भारत

शोंगटोंग परियोजना को नवंबर, 2026 का टारगेट

Shantanu Roy
10 Jun 2025 12:25 PM GMT
शोंगटोंग परियोजना को नवंबर, 2026 का टारगेट
x
Kinnaur. किन्नौर। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन की शोंगटोंग परियोजना अगले साल नवंबर 2026 में पूरी करने का लक्ष्य मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि परियोजना में अब किसी भी तरह से देरी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से हिमाचल प्रदेश को बड़ा फायदा होने वाला है और यह प्रोजेक्ट आत्मनिर्भर हिमाचल को बनाने में मददगार साबित होगा। सीएम ने सोमवार को शोंग टोंग के परियोजना स्थल का दौरा करने के दौरान अधिकारियों को काम में ढिलाई नहीं बरतने को कहा है। उन्होंने निर्माणकर्ता एजेंसी के अधिकारियों को भी तेजी से प्रोजेक्ट पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने 450 मेगावाट क्षमता की इस परियोजना के पावर हाउस का दौरा किया और वहां चल रही व्यवस्थाओं को जाना।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बैराज साइट का दौरा कर वहां अधिकारियों से बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शोंग टोंग पहले ही लगभग 20 साल की देरी से बन रही परियोजना हैं। अगले साल परियोजना का निर्माण पूरा किया जाएगा इसके निर्माण कार्य में कई तरह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा है और अब सरकार चाहती है कि कोई परेशानी पेश न आए और यह परियोजना जल्द पूरी हो जाए। बता दें कि पावर कॉरपोरेशन ने इससे पहले काशंग बिजली परियोजना और सावड़ा कुडू परियोजना के अलावा सैंज परियोजना का निर्माण पूरा कर लिया है। इन तीन परियोजनाओं से हिमाचल प्रदेश को जहां अच्छी खासी बिजली मिल रही है, वहीं बड़ी आमदनी भी सरकारी एजेंसी को हो रही है। आने वाले समय में निर्माणाधीन परियोजनाओं का काम पूरा करके हिमाचल पावर कॉरपोरेशन सरकार का सबसे बड़ा कमाओ पूत बन सकता है।
Next Story