
युवती को नशे की दवा खिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार...

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई दुष्कर्म और हत्या की निर्मम घटना के जख्म अभी ताजा हैं और गुजरात के जामनगर में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना ने फिर सवाल उठा दिया है कि देश में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं। पिछले सप्ताह हुई यह घटना जामनगर के महादेवनगर इलाके की है जहां चार लोगों ने 15 वर्षीय एक किशोरी को नशे की दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) एपी जड़ेजा ने बताया कि घटना 28 सितंबर को जामनगर की खोड़ियार कॉलोनी के महादेव नगर में हुई। उन्होंने बताया कि चार आरोपियों ने 15 वर्षीय किशोरी को नींद की गोलियां खिलाईं और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने चार में से तीन आरोपियों, दर्शन भाटिया, मिलन भाटिया और देवरन गडवी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि चौथा आरोपी मोहित भाटिया फिलहाल फरार है।
अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपी महादेवनगर के कहने वाले हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पीड़िता किशोरी चारों में से एक आरोपी को जानती थी और उससे मिलने गई थी। जब उसने उसे नशे की दवा खिला दी और बाकी तीनों को दुष्कर्म करने के लिए बुलाया। इसके बाद चारों आरोपियों ने इस जघन्य हरकत को अंजाम दिया। तीनों आरोपियों को पॉक्सो और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का एक अन्य मामला राज्य के महीसागर जिले के संतरामपुर में सामने आया था। यहां दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर 35 वर्षीय एक महिला से कई बार दुष्कर्म किया था और उसे धमकी दी थी। एक समाचार एजेंसी के अनुसार आरोपियों को महिला का फोन नंबर एक रिचार्ज बूथ से मिला था। इस मामले में संतराम पुलिस स्टेशन में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।