भारत

RTO ने रिज पर लगाया नाका, बिना पेशेंट के दौड़ रहे वाहन

Shantanu Roy
27 Sep 2024 10:54 AM GMT
RTO ने रिज पर लगाया नाका, बिना पेशेंट के दौड़ रहे वाहन
x
Shimla. शिमला। रिज से दन दनाकर एंबुलेंस दौड़ रही हैं, जिनको पूछने वाला कोई नहीं। नियमों के खिलाफ इस तरह के रोगी वाहन यहां से चल रहे हैं, जिनमें पेशेंट तक नहीं होता। बिना पेशेंट के सायरन बजाते हुए यह रोगी वाहन यहां से गुजर रहे हैं, जिससे नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं। बुधवार को आरटीओ शिमला अनिल शर्मा के नेतृत्व में रिज पर नाका लगाया गया। इस दौरान सात रोगी वाहनों के चालान किए गए हैं। उनको तीन-तीन हजार रुपए का जुर्माना किया गया है और चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा वह नियमों की उल्लंघना करते पाए जाते हैं तो उनको 10 हजार रुपए का जुर्माना होगा और वाहन को कब्जे में भी लिया जा सकता है। चेतावनी देकर पहली बार उनको हलके जुर्माने के साथ छोड़ा गया है। नियमों की अवहेलना इस तरह की है कि कुछ वाहन बिना मरीज के ही सायरन बजाते हुए रिज से
निकल रहे थे।


एक वाहन में कोई पेशेंट नहीं था और वह रिज से आईजीएमसी की ओर दौड़ रहा था। इसी तरह से एक वाहन में एक महिला थी। कुल 14 वाहन यहां पर रोके गए और उनसे पूछा गया, जिसमें से सात पर कार्रवाई की गई है। नियमों के अनुसार यहां रिज से होते हुए वही रोगी वाहन गुजर सकता है, जिसमें गंभीर पेशेंट हो। ऐसे मरीज जिनको अस्पताल पहुंचाना तुरंत बहुत जरूरी हो वही रोगी वाहन यहां से जा सकते हैं। मगर नियमों के विरुद्ध यहां रोगी वाहन दौड़ रहे हैं, जिनमें ऐसे मरीज भी होते हैं, जिनको दूसरे मार्गों से ले जाया जा सकता है। इतना ही नहीं टैक्सी में अस्पतालों से जाने के ज्यादा पैसे लिए जाते हैं और यह रोगी वाहन चलाने वाले कम पैसों में शॉर्ट कट से मरीजों को घरों तक पहुंचा देते हैं। ऐसे संचालकों पर बुधवार को कार्रवाई की गई है और आने वाले दिनों में भी कभी भी ऐसी कार्रवाई हो सकती है। शिमला शहर में लोगों की कई शिकायतें आरटीओ को इस संबंध में मिली थी कि रोगी वाहनों में सवारियां ढोई जा रही हैं। इन शिकायतों के मिलने पर ऐसी कार्रवाई की गई है जो काफी जरूरी है। मगर रोगी वाहन केवल गंभीर मरीजों को लेकर ही यहां से जा सकते हैं। भविष्य में इसपर आरटीओ द्वारा नजर रखी जाएगी।
Next Story