भारत

बाजार में कश्मीरी सेब, गिरे हिमाचली सेब के दाम

Shantanu Roy
29 Sep 2024 10:15 AM GMT
बाजार में कश्मीरी सेब, गिरे हिमाचली सेब के दाम
x
Shimla. शिमला। बाहरी राज्यों की फल मंडियों में कश्मीर का सेब पहुंचने के बाद हिमाचली सेब का दाम गिर गया है। हिमाचल का जो सेब बाहरी राज्यों को जा रहा है, उसके दाम में एकदम से गिरावट दर्ज की गई है। सेब की 20 किलो की पेटी अब एक हजार से 1500 रुपए तक बिक रही है। ए-ग्रेड सेब को 1500 रुपए तक दाम मिल रहा है, क्योंकि मार्केट में कश्मीर से भी सेब पहुंचने लगा है। इस बार हिमाचल का सेब सीजन देरी से शुरू हुआ था और यही वजह है कि अभी भी यहां बागीचों में सेब पड़ा है, जिसे मार्केट में पहुंचना है। ऐसे में कश्मीर से सेब आना शुरू हो गया है, तो हिमाचली सेब के दाम लुढक़े हैं और आखिर में जिन बागबानों का सेब अब मार्केट में आएगा, उनको इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। इस बार यहां पर सेब कम हैं, परंतु कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों का जो सेब जिस समय मार्केट में पहुंचा, उसको अच्छा दाम मिला। अभी तक दाम ठीक चल रहा था, मगर मंडी समितियों ने इस सप्ताह जो आकलन बाहर की मंडियों का किया गया, उसमें साफ है कि कश्मीर का सेब आने से यहां नुकसान होना शुरू हो गया है। हालांकि कश्मीर के सेब को भी उतना अधिक दाम नहीं मिला है, जितना हिमाचली सेब को
इस बार मिला।


लेकिन अब मार्केट में डिमांड कम और उत्पाद ज्यादा होने की वजह से दाम गिरना शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस दाम में और ज्यादा कमी हो जाएगी। वहीं हिमाचल प्रदेश से अभी भी सेब बाहर की मंडियों में लगातार जा रहा है। यहां प्रदेश की खुद की मंडियों में भी सेब की अच्छी आमद हो रही है। यहां से अभी तक की बात करें, तो कुल एक करोड़ 64 लाख 77 हजार 286 सेब की पेटियंा विभिन्न मंडियों में पहुंच चुकी हैं। 10 किलो की पैकिंग में एक लाख तीन हजार 593 बॉक्स बाहरी राज्यों की मंडियों में जा चुके हैं, तो वहीं 20 किलो की पैकिंग में 64 लाख सेब बॉक्स जा चुके हैं। हिमाचल की मंडियों में 10 किलो की पैकिंग में एक लाख 21 हजार बॉक्स आ चुके हैं, तो 20 किलो की पैकिंग में 98 लाख 23 हजार 278 सेब बॉक्स मंडियों में आ चुके हैं। अभी और सेब यहां आ रहा है। अंदाजा है कि इस पूरे सेब सीजन के दौरान लगभग दो करोड़ सेब पेटियां मार्केट में आएंगी, जो कि पिछले साल के मुकाबले कम हैं, मगर बागबानी विभाग के आकलन के हिसाब से ठीक है। इस बार सबसे ज्यादा सेब कारोबार शिमला व ठियोग की मंडियों में हुआ है। शिमला की भट्टाकुफर मंडी में काफी अच्छा कारोबार हुआ बताया जा रहा है, तो वहीं पराला मंडी में सबसे अधिक कारोबार की संभावना है।
Next Story