उत्तर प्रदेश

उत्तर-प्रदेश: सरकार और संगठन के समन्वय पर भाजपा कर रही मंथन, मुख्यमंत्री आवास पर चल रही बैठक

Kajal Dubey
27 Jun 2022 6:29 PM GMT
उत्तर-प्रदेश: सरकार और संगठन के समन्वय पर भाजपा कर रही मंथन, मुख्यमंत्री आवास पर चल रही बैठक
x
पढ़े पूरी खबर
मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा कोर ग्रुप की बैठक चल रही है। इसमें सरकार और संगठन के समन्वय के मुद्दे पर मंथन हो रहा है। केंद्रीय उद्यमिता एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी बैठक में शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद हैं।
इससे पहले मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा में तकनीक का अधिकाधिक प्रयोग समेत विभिन्न विषयों पर सोमवार को शिक्षा मंत्रियों के साथ बैठक की। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास व प्राविधिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को अग्निवीर बनाने के लिए कैंप लगाए जाने की बात कही।
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सभा कक्ष में हुई बैठक में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने अपने-अपने विभागों की प्रगति की जानकारी दी। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि युवाओं के भविष्य के लिए रोजगारपरक कोर्स संचालित किए जाएं। केंद्रीय मंत्री ने बच्चों को अधिकाधिक पंजीकरण कराने व उनके पोषण पर ध्यान देने और स्कूलों में पौधरोपण कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की आजादी में संघर्ष करने वाले नायकों पर निबंध, लेख आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।
Next Story