उत्तर प्रदेश

पूर्व राज्यपाल राम नाईक बोले, यूपी की सुधरी कानून व्यवस्था

Rani Sahu
20 March 2023 6:10 PM GMT
पूर्व राज्यपाल राम नाईक बोले, यूपी की सुधरी कानून व्यवस्था
x
लखनऊ, (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कानून व्यवस्था ठीक किया है। आज यूपी का छह लाख 90 हजार करोड़ का बजट हो पहुंच गया है।
सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों के साथ चर्चा के दौरान यूपी के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि योगी के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था में बहुत सुधार हुआ है। कानून व्यवस्था खराब होने से कोई उद्यमी निवेश करने नहीं आता। अब उत्तर प्रदेश में निवेश आ रहा है। इस दौरान उन्होंने एक देश- एक कानून की व्यवस्था को जायज ठहराया।
पूर्व राज्यपाल व भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। कानून व्यवस्था खराब होती है तो कोई निवेश करने के लिए इच्छुक नहीं होता।
नाईक ने उप्र में राज्यपाल के रूप में बिताए अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि हमने राज्यपाल शब्द से पहले महामहिम के प्रयोग को रोकने का आग्रह किया। राजभवन का दरवाजा आम जन के लिए खोला था।
महाराष्ट्र में यूपी दिवस मनाया जाता था लेकिन राज्यपाल बनकर उत्तर प्रदेश आया तो पता चला कि यहां की सरकार उप्र का स्थापना दिवस नहीं मनाती। यह आश्चर्यजनक था। मैंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आग्रह किया। उन्होंने नहीं माना। भाजपा सरकार आने पर मुख्यमंत्री योगी से आग्रह किया। उन्होंने माना और अब प्रदेश में उसका स्थापना दिवस मनाया जाता है।
इसी प्रकार हमने अंग्रेजी में बांबे और हिंदी में बम्बई कहे जाने वाले नाम को परिवर्तन कराने का प्रयास किया। संसद में इस मुद्दे पर चर्चा हुई और फिर मुंबई नाम दिया गया। उसी प्रकार यूपी में फैजाबाद का नाम अयोध्या किया जाना और इलाहाबाद को प्रयागराज किया जाना मेरे लिए सुखद है।
समान नागरिक संहिता और हिन्दू राष्ट्र बनाए जाने की उठ रही मांग पर पूर्व राज्यपाल ने कहा कि देश संविधान से चलता है। संविधान के अनुरूप उठ रही सभी मांगों पर विचार किया जाना चाहिए। बदलाव बुरा नहीं है। एक देश- एक विधान में किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। अगर यह लागू होता है तो देश के लिए अच्छा होगा।
इससे पहले महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता नाईक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें उनके छह वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और सह प्रभारी हिमांशु दुबे भी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
Next Story