मध्य प्रदेश

हाईवे पर सड़क हादसा, युवक की मौत

Shantanu Roy
9 Aug 2022 7:00 PM GMT
हाईवे पर सड़क हादसा, युवक की मौत
x
बड़ी खबर
रतलाम। महू-नीमच हाईवे (फोरलेन) पर बिलपांक थाना क्षेत्र के ग्राम धराड़ के समीप सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद उसके ऊपर से अनेक वाहन गुजर गए। इससे उसका शरीर क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने जैसे-तैसे उसके शरीर के टुकड़ों को समेटा और कपड़े में बांधकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उसके एक हाथ पर रामकिशन नाम लिखा पाया गया है। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस शिनाख्ती के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार सोमवार व मंगलवार की दरमियानी रात धराड़ के समीप किसी वाहन ने उक्त व्यक्ति की टक्कर मार दी होगी।
नीचे गिरने के बाद उसके ऊपर से कई वाहन गुजर गए। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर मौके पर जाकर देखा तो अज्ञात व्यक्ति का शरीर कई टुकड़ों में पड़ा हुआ था। माना जा रहा है कि रात के अंधेरे में उसके ऊपर से अनेक वाहन गुजरे होंगे, जिसके कारण उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हुआ है। उसका एक हाथ का कुछ हिस्सा व पैर के हिस्से बचे हुए पाए गए। मौके पर एक जोड़ चप्पल मिली है। पोस्टमार्टम रूम में उसके हाथ की सफाई करने पर उस पर रामकिशन नाम लिखा पाया गया। इससे माना जा रहा है कि मृतक का नाम रामकिशन हो सकता है। उसने नेवी ब्लू रंग का लोअर पहन रखा था।
डीएनए के लिए हड्डी सुरक्षित रखी
मृतक का चेहरा व ऊपरी हिस्सा क्षत-विक्षत होने से यह भी पता नहीं चल पाया कि उसकी आयु कितनी होगी। चेहरा नहीं होने से पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। पुलिस ने उसके शरीर की हड्डी डीएनए के लिए सुरक्षित कराई है। इससे पहचान के लिए आने वाले परिवार के सदस्य से डीएनए कराकर पुष्टि की जा सके।
Next Story