झारखंड

ओपन बोरिंग कर रहे पांच मजदूर आए बिजली की चपेट में, स्थिति गंभीर

Shantanu Roy
7 Sep 2022 3:00 PM GMT
ओपन बोरिंग कर रहे पांच मजदूर आए बिजली की चपेट में, स्थिति गंभीर
x
बड़ी खबर
गढ़वा। गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के बुनियाद बिगहा टोला में 100 केबी का ट्रांसफार्मर के पास सिंचाई के लिए एक ओपन बोरिंग किया जा रहा था। इस दौरान हैंड बोरिंग कर रहे पांच लोग बिजली की करंट की चपेट में आने से घायल हो गए। बलियारी पंचायत मुखिया प्रतिनिधि ललन मेहता ने बताया कि घटना सोमवार की है। बोरिंग के दौरान ट्रांसफार्मर से होकर गुजरने वाली 11000 की तार में बोरिंग की लोहे की पाइप टच हो गया। इससे बोरिंग में कर रहे 4 मजदूरों को जोरदार झटका लगा। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सहदेव मेहता का 65 वर्षीय पुत्र सगुनी मेहता, रामलगन मेहता का 50 वर्षीय पुत्र सुरेश मेहता, रामजी यादव का 35 वर्षीय पुत्र ऊदल यादव, प्यारी यादव का 40 वर्षीय पुत्र रामकिसुन यादव का नाम शामिल है।
अम्बिका मेहता का 45 वर्षीय पुत्र धर्मराज मेहता भी घायल है, किन्तु स्थिति गंभीर नहीं है। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी वाहन से सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया। ग्रामीणों ने बताया कि एम्बुलेंस के लिए 108 पर कॉल किया गया, लेकिन चालक द्वारा बताया गया कि कोई तकनीकी समस्या के कारण एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई जा सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि जब बिजली की चपेट में उक्त पांचों मजदूर आ गए, तब अम्बिका मेहता और चन्दन प्रजापति ने बांस का एक डंडा लेकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। घटना घटने और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के बाद कांडी बिजली ग्रिड के कर्मी विनोद चौहान व श्रवण चौहान ने घटनास्थल पर पहुँच कर जायजा लिया।
Next Story