हिमाचल प्रदेश

केंद्र सरकार की मदद से हिमाचल में OPS लागू करवाने का करेंगे प्रयास : जयराम

Shantanu Roy
1 Oct 2022 9:03 AM GMT
केंद्र सरकार की मदद से हिमाचल में OPS लागू करवाने का करेंगे प्रयास : जयराम
x
बड़ी खबर
मंडी। प्रदेश में ओपीएस लागू करने के लिए केंद्र सरकार की मदद बहुत जरूरी है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को मंडी में आयोजित एक शाम मंडी के कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ओपीएस लागू करने की बातें आजकल कर रहे हैं। जो चीज होनी नहीं है उस रास्ते पर चलना भी नहीं चाहिए और लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए। इसलिए केंद्र में नरेंद्र मोदी 15 से 20 साल तक चलेंगे और उनकी मदद से हिमाचल में ओपीएस को लागू करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो ओपीएस को क्यों बहाल नहीं किया।
कर्मचारियों के सहयोग के बिना न कोई सरकार बनती और न ही चलती
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के सहयोग के बिना न कोई सरकार बनती है और न ही चलती है। कर्मचारियों के सहयोग के बिना किसी भी सरकार का गठन नहीं हो पाता है। इस मौके पर कर्मचारी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष घनश्याम, डीसी अरिंदम चौधरी, एसपी शालिनी अग्निहोत्री अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ प्रदेशाध्यक्ष अश्विनी ठाकुर, प्रदेश महासचिव राजेश शर्मा, मंडी जिला अध्यक्ष चमन ठाकुर, महासचिव लाल सिंह उपस्थित रहे। जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने की लालसा रखने वालों ने आऊटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति नहीं बनाई। चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेता कहने लग पड़े हैं कि हम आएंगे और कर्मचारियों को उनके हक दिलाएंगे। जब उन्हें आने ही नहीं देंगे तो वे क्या करेंगे।
जिला परिषद व परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान जल्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास और रोजगार निगम कंपनी गठित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बात पर भी विचार करेगी कि चतुर्थ श्रेणी के सभी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि जिला परिषद व एचआरटीसी परिचालकों और कर्मचारियों की समस्या का भी जल्द ही समाधान किया जाएगा। सरकार जल रक्षक की अंशकालिक अवधि को 12 से घटाकर 8 वर्ष करने पर भी विचार करेगी।
मुझे नसीहत देने वालों की बारी नहीं आएगी
मुख्यमंत्री जयराम ने कहा कि मुझे नसीहत देने वालों की बारी कभी नहीं आएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि डंडे के बल पर काम 1 या 2 बार करवाया जा सकता है लेकिन लंबे समय तक डंडा नहीं चल सकता है। इसलिए मेरा काम करने का तरीका मेरा है और आने वाले समय में कांग्रेस नेताओं के तरीके को भी देख लेंगे लेकिन उन्हें अपना तरीका दिखाने का अवसर नहीं मिलने वाला है।
Next Story