छत्तीसगढ़

बाल संप्रेक्षण गृह से भागे दो नाबालिग, चोरी मामले में हुए थे गिरफ्तार

Shantanu Roy
10 May 2022 4:07 PM GMT
बाल संप्रेक्षण गृह से भागे दो नाबालिग, चोरी मामले में हुए थे गिरफ्तार
x
छग

बिलासपुर। सरकंडा नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार की सुबह दो नाबालिग दीवार फांदकर भाग निकले। इसकी सूचना पर बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारी उनकी तलाश करते रहे। देर शाम तक उनकी जानकारी नहीं मिलने पर अधिकारियों ने सरकंडा पुलिस को सूचना दी है। इस पर पुलिस दोनों नाबालिग की तलाश कर रही है। दोनों को पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में मंगलवार की सुबह नाबालिगों को बागवानी के लिए परिसर के गार्डन लाया गया था।

इस दौरान 17 वर्षीय दो नाबालिग कर्मचारियों को चकमा देकर दीवार फांदकर भाग निकले। इसकी जानकारी होने पर कर्मचारियों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद नाबालिग के स्वजन को घटना के बारे में बताया गया। अधिकारी भागे नाबालिग की तलाश करते रहे। वहीं, स्वजन भी उनकी तलाश में जुट गए। दोपहर को सूचना मिली कि दोनों नाबालिग को कोटा क्षेत्र में देखा गया है।
इसके बाद स्वजन और बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारी वहां पहुंचे। इस बीच नाबालिग उन्हें चकमा देकर भाग गए। देर शाम तक दोनों नाबालिग का पता नहीं चलने पर बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों ने इसकी जानकारी सरकंडा थाने में दी। इसके बाद सरकंडा पुलिस भी उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने दोनों नाबालिग को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।
जमानत के लिए लगा है आवेदन
फरार नाबालिगों में एक कोटा और दूसरा सरकंडा क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश पर वे बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए थे। उनकी जमानत के लिए स्वजन ने न्यायालय में आवेदन लगाया है। बुधवार को इसकी सुनवाई होनी थी। इससे पहले ही नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह से भाग निकले। अब पुलिस और बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारी उनकी तलाश कर रहे हैं।
Shantanu Roy

Shantanu Roy

    Next Story