छत्तीसगढ़

अग्रवाल मिनरल एंड केमिकल फैक्ट्री में बड़ा हादसा, महिला मजदूर की मौत

Shantanu Roy
14 Jun 2025 6:53 PM GMT
अग्रवाल मिनरल एंड केमिकल फैक्ट्री में बड़ा हादसा, महिला मजदूर की मौत
x
छग
Durg. दुर्ग। भिलाई के छावनी क्षेत्र स्थित अग्रवाल मिनरल एंड केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां काम के वक्त ओव्हर हेड क्रेन से फायर ब्रिक्स बनाने वाली रेत से भरी एक भारी-भरकम जम्बो बैग अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में नीचे काम कर रही तीन महिलाएं आ गईं। इस हृदयविदारक घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मृतका की पहचान जयंती साहू के रूप में हुई
हादसे में जान गंवाने वाली महिला का नाम जयंती साहू बताया गया है। वह फैक्ट्री में फायर ब्रिक्स निर्माण कार्य में लंबे समय से कार्यरत थी। हादसे के समय वह अपनी दो अन्य सहकर्मी महिलाओं के साथ नीचे कार्यरत थी। तीनों महिलाएं नियमित कार्य कर रही थीं, तभी क्रेन से लटक रही रेत से भरी जम्बो बैग अचानक नीचे गिर गई और सीधे इन पर आ गिरी। जयंती को गंभीर चोटें आईं और उसे जब तक अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी क्षेत्र के सीएसपी हरीश पाटिल और जामुल थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को बिना देरी किए उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है लेकिन खतरे से बाहर बताई जा रही है।

फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
इस हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की कार्यशैली और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि काम के दौरान ओव्हर हेड क्रेन पर लोडिंग प्रक्रिया के दौरान कोई अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिससे इतनी बड़ी बैग क्रेन से गिर गई। प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि जम्बो बैग की पकड़ करने वाली बेल्ट या क्लैंप कमजोर या जर्जर हो सकते हैं, जिसकी वजह से इतनी बड़ी दुर्घटना हुई। हादसे के बाद से मृतक जयंती साहू के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुखद यह भी है कि अभी तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मृतका के परिवार को किसी प्रकार का मुआवजा या आर्थिक सहायता देने की कोई पहल नहीं की गई है। इसके चलते परिजनों में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि यह दुर्घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ओव्हर हेड क्रेन को संचालन करने वाला कौन था, क्या उसके पास संचालन का प्रशिक्षण था, और सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया गया। वहीं, इस घटना को लेकर श्रम विभाग और औद्योगिक सुरक्षा निरीक्षण टीम के पहुंचने की भी संभावना है, जो फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी। अगर जांच में लापरवाही पाई गई, तो फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाही की जा सकती है।
Next Story