छत्तीसगढ़

CG: नदी में बहे दादा-पोते, कुछ घंटों बाद मिली लाश

Shantanu Roy
18 Sep 2024 6:09 PM GMT
CG: नदी में बहे दादा-पोते, कुछ घंटों बाद मिली लाश
x
छग
Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में दो दिन पहले नदी में बहे ग्रामीण और उसकी 4 वर्षीय बच्ची का शव नदी में मिला है। ग्रामीण करमा त्यौहार मनाकर अपने नतिनी के साथ घर लौट रहा था। तभी दोनों नदी में बह गए थे। उत्तर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मंगलवार तक बारिश हुई। बुधवार को सरगुजा संभाग में बारिश रुकने से राहत मिली है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम चटनिया में नदी किनारे मंगलवार दोपहर लोगों ने एक ग्रामीण का शव देखा। जिसकी सूचना चांदो थाने को दी गई। थाना प्रभारी भूपेंद्र साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त ग्राम चटनिया के देवड़ाढ़ निवासी सुनील नगेसिया (50) के रूप में हुई।

परिजनों ने बताया कि, सुनील नगेशिया 15 सितंबर को करमा त्यौहार मनाने के लिए डुमरखोली, दात्रम गया था। वहां से 16 सितंबर को अपने 4 वर्षीय नतिनी नमिता नगेशिया को साथ लेकर घर देवडांड लौट रहे थे। रास्ते में नदी पार करने के दौरान दोनों बह गए। घरवाले उनके वापस नहीं लौटने पर खोजबीन कर रहे थे। सूचना पर बलरामपुर से एसडीआरएफ की टीम चांदो पहुंची। नदी में बही नमिता की तलाश शुरू की गई। एसडीआरएफ की टीम ने शाम को नमिता नगेशिया का शव खोज निकाला। उसका शव नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला।

रविवार दोपहर पस्ता थाना इलाके के सासू नदी में बहे दो ग्रामीणों में एक का शव बुधवार को भी नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ टीम ने बुधवार को भी शव की खोजबीन के लिए अभियान चलाया। रविवार को पस्ता से लौटे रहे ग्राम चिलमा निवासी प्रभू पहाड़ी कोरवा (39)और लाल साय पहाड़ी कोरवा (55) सासू नदी में बह गए थे। एसडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को प्रभु पहाड़ी कोरवा का शव बरामद कर लिया है। वहीं, लाल साय पहाड़ी कोरवा का शव आज भी नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन तलाशी अभियान चलाया। बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन का असर कम होने के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में छिटपुट बारिश ही हुई है। इसके बाद नदी नालों का जल स्तर कम होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
Next Story