छत्तीसगढ़

अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, 700 बोरी धान ट्रक सहित जब्त

Shantanu Roy
29 April 2025 6:13 PM GMT
अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, 700 बोरी धान ट्रक सहित जब्त
x
छग
Kondagaon. कोंडागांव। कोंडागांव जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को 700 बोरी धान के साथ जब्त किया है। विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बम्हनी खरीदी केंद्र से धान का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक क्रमांक CG 04 JD 5486 को रास्ते में रोका। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रक में लदे धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। इस पर विभाग ने ट्रक सहित 700 बोरी धान को जब्त कर लिया और उसे कोतवाली थाना कोंडागांव को सौंप दिया।

जिला खाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि केसकाल की रजा मिल द्वारा बम्हनी केंद्र से नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। जांच में आरोप सही पाए गए और दस्तावेजों के अभाव में कड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने अवैध धान परिवहन के मामले में सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन को पहले भी इस तरह की शिकायतें मिलती रही थीं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। आज की कार्रवाई उनके संज्ञान में आने के बाद संभव हो सकी है। जांच जारी है और संबंधित मिलर और सहकारी समिति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर और अधिक सख्ती बरती जाएगी।
Next Story