
x
Bihar बिहार: भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के करचिरा गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने एक ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मो. रिजवान पिता- मो. आलमगीर के रूप में हुई है। बताया गया कि मो. रिजवान किसी काम से दूध लेने अपने एक साथी के साथ करचिरा गांव पहुंचा था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर पहले से ही चार से पांच अपराधी घात लगाए बैठे थे। मो. रिजवान जैसे ही गांव में दाखिल हुआ, उस पर फायरिंग शुरू कर दी गई।
जान बचाने के लिए वह गांव की गलियों में भागने लगा, लेकिन अपराधियों ने उसका पीछा कर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हत्या की घटना के बाद करचिरा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं. गोपालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है|
Next Story





