- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- सम्पादकीय
- /
- लिज ट्रस के लुभावने...
![लिज ट्रस के लुभावने वादे लिज ट्रस के लुभावने वादे](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/08/30/1950922-liz-1536x922.webp)
x
By NI Editorial
संभावना जताई जा रही है कि ट्रस को अपने वादों पर पुनर्विचार करना होगा। लेकिन उस हाल में उन पर वादाखिलाफी का आरोप लगेगा। वैसे राजनीति में ऐसे आरोप नए नहीं हैं। ना ही लिज ट्रस को कोई नैतिकतावादी नेता समझा जाता है।
ब्रिटेन में अब यह मान कर चला जा रहा है कि लिज ट्रस अगली प्रधानमंत्री होंगी। ब्रिटिश विश्लेषकों का आकलन है कि पांच सितंबर को कंजरवेटिव पार्टी का नेता चुने जाने के बाद लिज ट्रस छह सितंबर को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगी। इसलिए अब वे ही चर्चा के केंद्र में हैं। तो उनके उन वादों पर भी ध्यान केंद्रित हुआ है, जो उन्होंने छह हफ्ते तक नेता पद के चुनाव के लिए चले प्रचार अभियान के दौरान किए हैं। आलोचकों ने कहा है कि इस दौरान ट्रस ने आसमान से तारे तोड़ कर लाने जैसे वायदे लोगों से किए हैँ। मसलन, उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद पहले ही पहले ही दिन वे टैक्स में कटौती का फैसला करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई और ऊर्जा संकट की मार झेल रहे परिवारों की सहायता के लिए विशेष कदम उठाने का वादा भी किया है। जाहिर है, इन वादों के पूरा होने को लेकर अब शक जताया जा रहा है। लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि ये वादे वे कैसे पूरा करेंगी।
फिलहाल, उनके सामने लगभग एक लाख 80 हजार कंजरवेटिव पार्टी के सदस्य हैं। इनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है, जो निम्न टैक्स और न्यूनतम सरकार की नीति में यकीन करते हैं। लेकिन कंजरवेटिव पार्टी ही देश नहीं है। देश में विभिन्न तबके हैं, जिनकी अलग-अलग जरूरतें हैं। जिस समय देश मंदी के सामने है, अगर उन्होंने पार्टी के धनी समर्थक वर्ग को खुश करने के लिए उस समय 30 बिलियन पाउंड की टैक्स कटौती की भी, तो उसे कैसे वाजिब ठहराएंगी? फिर उन्होंने आम परिवारों को भी मदद देने का वादा किया है। क्या इसके लिए उनकी सरकार कर्ज लेगी? कंजरवेटिव समर्थक सरकार पर कर्ज का बोझ बढ़ने या राजकोषीय घाटे में बढ़ोतरी को भी पसंद नहीं करते। ऐसे में संभावना यह जताई जा रही है कि ट्रस को अपने वादों पर पुनर्विचार करना होगा। लेकिन उस हाल में उन पर वादाखिलाफी का आरोप लगेगा। लेकिन राजनीति में ऐसे आरोप नए नहीं हैं। ना ही लिज ट्रस को कोई नैतिकतावादी नेता समझा जाता है।
![Gulabi Jagat Gulabi Jagat](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/03/14/1542630-c76cdf9c-3b9f-4516-be18-f703e9bac885.webp)
Gulabi Jagat
Next Story