COVID-19

बिहार में तेजी से बड़ी कोरोना की स्पीड, सिर्फ 1 घंटे में 69 नए केस

Subhash
6 Jan 2022 6:33 AM GMT
बिहार में तेजी से बड़ी कोरोना की स्पीड, सिर्फ 1 घंटे में 69 नए केस
x

बिहार में कोरोना की स्थिति विस्फोटक हो गई है। बुधवार को 1,659 नए केस आए, यानी हर घंटे 69 पॉजिटिव। जो बीते 7 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 28 मई को 1,785 नए मरीज एक दिन में मिले थे। वहीं, अगर आंकड़ों को देखे तो राज्य में कोरोना की स्पीड करीब 6 गुना तेज है। एक जनवरी को 281 नए केस आए थे। पांच जनवरी को यह संख्या 1,659 पहुंच गई है।

आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में 184 संक्रमितों के ठीक होने के बाद भी एक्टिव मरीजों की संख्या 2,222 से बढ़कर 3697 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया, 'बिहार में कोरोना मरीज 3 से 5 दिन में ठीक हो रहे हैं। घबराने की जरूरत नहीं है। सिर्फ 63 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। 98% होम आइसोलेशन में ही ठीक हो रहे हैं। कोई मरीज 60 साल से अधिक उम्र का है और पहले से बीमारी है तो ऑक्सीजन लेवल मॉनिटरिंग करते रहें। कोरोना का बढ़ता ट्रेंड इंडीकेट करता है कि यह कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन है। बिहार में डेल्टा व डेल्टा प्लस वैरिएंट के केस भी हैं। नए वैरिएंट की पहचान के लिए IGIMS में एक और मशीन लगेगी।'

दोनों डिप्टी CM, 4 मंत्री भी पॉजिटिव

राज्य कैबिनेट की बैठक के पूर्व हुई जांच में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी और चार अन्य मंत्री पॉजिटिव पाए गए। सभी कैबिनेट की मीटिंग में नहीं गए। सबने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह को फिर कोरोना हो गया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी पॉजिटिव पाए गए हैं।

3 दिन बुखार नहीं तो मरीज खुद को ठीक घोषित कर सकते हैं, इन्हें दोबारा जांच की आवश्यकता नहीं

स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक, बिहार में होम आइसोलेशन की अवधि 7 दिन कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि माइल्ड व एसिंप्टोमैटिक मरीजों के लिए आइसोलेशन की अवधि को 10 दिन नहीं, 7 दिन कर दी गई है। 7वें दिन मरीज बिना टेस्ट कराए ही खुद को स्वस्थ घोषित कर सकता है। बशर्ते उसे लगातार तीन दिनों से बुखार न आया हो। ऐसे मरीजों को दोबारा जांच की आवश्यकता नहीं है। मरीज के परिजनों में भी अगर कोई लक्षण नहीं है तो उन्हें टेस्ट की जरूरत नहीं है पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन होना चाहिए।

24 घंटे में 1.62 लाख जांच

बुधवार को 1,62,459 लोगों की जांच कराई गई, जिसमें 1,659 पॉजिटिव मिले। अब तक राज्य में 7,30,425 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें 7,14,631 लोगों ने संक्रमण को मात दी है। जबकि, 12,096 की मौत हुई है। बुधवार को दो मौत हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने उसे अपने आंकड़ों में नहीं दर्ज किया है। एक नालंदा मेडिकल कॉलेज और दूसरी मौत गया में हुई है। इन दोनों मौत के बाद 12,098 का आंकड़ा पहुंच रहा है। 3697 एक्टिव मामलों के साथ रिकवरी रेट गिरकर 97.84 हो गई है।

Next Story