- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- CG-DPR
- /
- प्रभारी सचिव ने किया...
प्रभारी सचिव ने किया जिले में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा
बालोद: जिले के प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत कार्यो को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा कराएं। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का पुख्ता क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने जिले में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यो की प्रगति की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रभारी सचिव ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा जिले के समय-समय पर प्रवास के दौरान किए गए घोषणाओं पर क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने जिले में अब तक हुए नरवा संवर्धन के कार्योे की जानकारी वन विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि नरवा संवर्धन के कार्यो को प्राथमिकता से पूरा कराएं। प्रभारी सचिव ने जिले के स्वीकृत और पूर्ण गौठानो की जानकारी ली। उन्होंने गोठानों में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, उठाव और विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना का क्रियान्वयन नियमित रूप से जारी रहे। उन्होंने गौठानो में संचालित विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियो की जानकारी ली और कहा कि गौठानो में अधिक से अधिक आजीविकामूलक गतिविधियां संचालित किया जाए। उन्होंने जिले में ग्रामीण औद्योगिक पार्क की स्थापना की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने जिले में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत स्वीकृत कार्य तथा कार्यरत मजदूरों के संबंध में जानकारी ली।