CG-DPR

सभी गौठानों में रोजाना अनिवार्य रूप से गोबर खरीदी करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

jantaserishta.com
12 April 2022 4:03 AM GMT
सभी गौठानों में रोजाना अनिवार्य रूप से गोबर खरीदी करने कलेक्टर ने दिए निर्देश
x

धमतरी: प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में गोबर खरीदी, वर्मी खाद निर्माण, विक्रय सहित अन्य गतिविधियों की जमीनी हकीकत से अवगत होने कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने आज धमतरी विकासखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी 85 सक्रिय गौठानों की समीक्षा बैठक लेकर की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक गौठान में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, समूहों व समितियों को उससे होने वाली आय और अन्य बहुआयामी गतिविधियों की जानकारी ली, साथ ही गौठानों में मूलभूत आवश्यकताओं तथा उनकी समस्या के बारे में भी आज गौठानवार समीक्षा की।

जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी सक्रिय गौठानों में नियमित रूप से यानी प्रतिदिन गोबर की खरीदी हो, यह सुनिश्चित करने की जवाबदेही गौठान और क्लस्टर के नोडल अधिकारी की होगी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया कि चूंकि गोधन न्याय योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी इसे बेहद संजीदगी से लें। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी हाल में गौठानों में गोबर-खरीदी कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। इसके अलावा वर्मी खाद का समुचित भण्डारण करने, गौठान समितियों व समूहों के खातों में राशि का अंतरण करने तथा पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने कलेक्टर ने विशेष तौर पर जोर दिया। कतिपय मैदानी अमलों के द्वारा सही ढंग से व नियमित रूप से गोबर खरीदी नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी गौठानों के नोडल अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें योजना की सभी बारीकियों से अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षण के माध्यम से राज्य शासन की मंशानुसार इसका क्रियान्वयन सूक्ष्म स्तर पर करने के लिए उप संचालक कृषि को निर्देशित किया। कलेक्टर ने गौठान की प्रत्येक गतिविधि की मैदानी स्तर पर मॉनीटरिंग करने के लिए भी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके पहले, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया ने धमतरी विकासखण्ड के सभी 85 सक्रिय गौठानों की गौठानवार एवं बिंदुवार समीक्षा कर प्रतिदिन गोबर खरीदी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
उल्लेखनीय है कि धमतरी विकासखण्ड के ग्रामीण क्षेत्र में 85 सक्रिय गौठान हैं जहां पर अब तक 88777.30 क्विंटल गोबर क्रय किया गया है। इसमें 23943.50 क्ंिवटल वर्मी खाद और 694.40 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट है, जिसमें से 5020.77 क्विंटल वर्मी खाद और 453 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट बेचा जा चुका हैै, जिसके विक्रय का प्रतिशत क्रमशः 21 तथा 65 है। इन गौठानों में 18922.23 क्विंटल वर्मी खाद और 241.40 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट शेष है। इन गौठानों मॉनीटरिंग के लिए जिला स्तर के 16 अधिकारियों को क्लस्टर नोडल अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया हैै।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

    Next Story