पटना। बिहार में चुनाव प्रचार पूरे जोर-शोर से चल रहा है. पटना में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रोड शो करेंगे. इस रोड शो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नजर नहीं आएंगे. लोकसभा चुनाव के दौरान 12 मई को पटना रोड शो में नीतीश पीएम मोदी के साथ थे, लेकिन इस बार वह अलग चुनावी कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगे.
नीतीश कुमार रविवार को मुंगेर, बेगूसराय, सहरसा और मधेपुरा के कई इलाकों में प्रचार करेंगे और मधेपुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे. वह शाम को पटना नहीं लौटेंगे और 3 नवंबर को यहीं से अपना अभियान आगे बढ़ाएंगे.
पीएम मोदी रविवार को आरा, नवादा और पटना में चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगे. यात्रा की शुरुआत दोपहर 1:30 बजे आरा से होगी, जहां पीएम मोदी पहली जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह 3:30 बजे नवादा में दूसरी जनसभा करेंगे. शाम 5:25 बजे प्रधानमंत्री पटना के दिनकर गोलंबर पहुंचेंगे और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. फिर 5:30 बजे यहीं से रोड शो की शुरुआत करेंगे, जो उद्योग भवन के पास समाप्त होगा. इसके बाद पीएम मोदी पटना सिटी जाएंगे और शाम 6:45 बजे पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेकेंगे.
खराब मौसम के चलते शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को रैलियां रद्द करनी पड़ीं या वर्चुअल संबोधन करना पड़ा. अमित शाह को गोपालगंज, समस्तीपुर और वैशाली की सभाओं को वर्चुअल रूप से संबोधित करना पड़ा. वहीं जेपी नड्डा ने भी सिवान और मुजफ्फरपुर की रैलियां इसी तरह कीं. प्रियंका गांधी बेगूसराय तक तो सड़क मार्ग से पहुंचीं, लेकिन खगड़िया की सभा रद्द करनी पड़ी.