चुनावों में कांगड़ा-चंबा की जनता रचेगी इतिहास

Update: 2024-04-04 10:11 GMT
नगरोटा बगवां। लोकसभा चुनावों के दृष्टिगत बुधवार को नगरोटा बगवां भाजपा ने पूर्व विधायक अरुण मेहरा के नेतृत्व में लोक सभा उम्मीदवार राजीव भारद्वाज के समक्ष शक्ति प्रदर्शन कर उन्हें विधानसभा क्षेत्र से जीत का आश्वासन दिया। इस दौरान राजीव भारद्वाज ने लोगों से भावुक अपील करते हुए जहां स्वयं को आम कार्यकर्ता बताया वहीं हर कार्यकर्ता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और लोकसभा में कांगड़ा-चंबा की बुलंद आवाज बनने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे 36 वर्ष तक कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहे हैं तथा बखूबी जानते हैं कि कार्यकर्ताओं की कदर होनी चाहिए तथा वे हमेशा अपने सहयोगियों के सुख-दुख में भागीदार रहेंगे। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे अगले 60 दिन देश व मोदी के लिए समयदान के रूप में दें ओर अगले पांच साल तक राम राज्य का आनंद लें।

उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम पर वोट मांगते हुए केंद्र की योजनाएं गिनाईं तथा महिला वोट को पुख्ता करने के लिए अगले चुनाव में महिलाओं को मिलने वाले 33 फीसदी आरक्षण को भी दोहराया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के जोश का हवाला देते हुए ऐलान किया कि इस बार कांगड़ा-चंबा की जनता इतिहास रचेगी। लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी विपिन सिंह परमार ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 की तुलना में और अधिक मत दिला कर इतिहास रचें। उन्होंने दावा किया की जून माह में केंद्र में पुन: भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश की सुक्खू सरकार भी गिर जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। इस दौरान तीन दर्जन लोगों ने भाजपा का दामन थाम मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया।
Tags:    

Similar News

-->