बिलासपुर में क्रूज, अंदरौली में होंगी वाटर स्पोर्ट्स

Update: 2024-09-29 10:53 GMT
Shimla. शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में जल क्रीड़ा गतिविधियों को बहुआयामी तरीके से विस्तार प्रदान कर रही है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देना और राज्य के जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। जल क्रीड़ा आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन प्रदान करने के सरकार के इस प्रयास से हिमाचल प्रदेश देशी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला बिलासपुर में इस वर्ष अक्तूबर के अंत तक पर्यटकों को क्रूज की सुविधा उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत गोविंद सागर झील में क्रूज चलाने का ट्रायल आरंभ कर दिया गया है। सुविधा संपन्न पर्यटकों को बेहतर हवाई सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार बिलासपुर से मनाली या कुल्लू तक हेलिटैक्सी सेवा शुरू करने पर भी
विचार कर रही है।


उन्होंने कहा कि जिला ऊना के अंदरौली में गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ा गतिविधियां भी शुरू होने वाली हैं। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और संभवत: इस माह के अंत तक इन्हें जारी कर दिया जाएगा। इस वर्ष के अंत तक जल क्रीड़ा गतिविधियों, पैराग्लाइडिंग और अन्य संबद्ध गतिविधियों सहित साहसिक खेलों को शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन साहसिक गतिविधियों को औपचारिक रूप से शुरू करने के लिए शीघ्र ही अंदरौली में गोविंद सागर झील कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति ने हिमाचल प्रदेश को अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य से नवाजा है और प्रदेश में मानव निर्मित और प्राकृतिक जल संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। प्रदेश की ये विशेषताएं हिमाचल को पर्यटकों के लिए आदर्श गंतव्य बनाती हंै। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश के लोगों को इसके माध्यम से आर्थिक रूप से संबल बनाने के लिए प्रयासरत है।
Tags:    

Similar News

-->