भारत

इंडिगो विमान में ईंधन रिसाव होने से मचा हड़कंप, यात्रियों ने किया हंगामा

Nilmani Pal
24 April 2024 2:16 AM GMT
इंडिगो विमान में ईंधन रिसाव होने से मचा हड़कंप, यात्रियों ने किया हंगामा
x
ब्रेकिंग

बिहार। पटना एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले मंगलवार की रात इंडिगो के विमान (संख्या 6ई-342) में अचानक खराबी आ गई और विमान के बाएं इंजन से ईंधन का रिसाव होने लगा। उड़ान से पहले एयरपोर्ट पर जांच के दौरान इसका पता चला। समय रहते गड़बड़ी सामने आने से बड़ा हादसा हो सकता था।

विमान उड़ान भरने वाला था और यात्रियों की बोर्डिंग प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। लेकिन, रिसाव का पता चलते ही इसे तत्काल रोक दिया गया। इसके बाद इंडिगो के इंजीनियरों ने रिसाव को रोकने की कोशिश की। लेकिन, देर रात तक इसे ठीक नहीं किया जा सका। इधर, यात्रियों को जैसे ही विमान में खराबी का पता चला, वे उग्र हो गए। यात्रियों ने टर्मिनल बिल्डिंग के भीतर जमकर हंगामा किया और दूसरे विमान से कोलकाता भेजने की मांग करने लगे। सीआईएसएफ के जवानों की पहल और दूसरे विमान मंगाए जाने का भरोसा मिलने के बाद यात्री शांत हुए। फिलहाल इस विमान को पटना एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड कर दिया गया है।

कोलकाता से आए दूसरे विमान से भेजे गए यात्री विमानन कंपनी ने कोलकाता से दूसरा विमान मंगवाया। रात साढ़े ग्यारह बजे दूसरा विमान पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा जिससे रात 12.17 यात्री कोलकाता भेजे गए। पटना-कोलकाता विमान से कुल 181 यात्रियों को कोलकाता जाना था। कुल 181 यात्रियों में से आठ को कोलकाता पहुंचने के बाद बेंगलुरु जाना था। उन आठ यात्रियों को अहमदाबाद जा रहे इंडिगो के विमान से भेज दिया गया। अहमदाबाद से दूसरे विमान से उन्हें बेंगलुरु भेजा जाएगा। कुछ यात्री दिल्ली, मुंबई की फ्लाइट से भी रवाना किए गए। अंत में बचे 158 यात्रियों को कोलकाता से आए फेरी फ्लाइट से कोलकाता भेजा गया। इस वाकये की वजह से पटना एयरपोर्ट पर घंटों अफरातफरी मची रही।

Next Story